महेश सेन चौहान देंगे राष्ट्रपति को सलामी
latestnews--hindi-samachar-ratlamnews-390
महेश सेन चौहान देंगे राष्ट्रपति को सलामी
Update24x.in:-
रतलाम। शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, रतलाम के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) स्वयंसेवक महेश सेन चौहान (पिता—स्वर्गीय रतन लाल) का चयन गणतंत्र दिवस परेड शिविर–2026 के लिए हुआ है। यह प्रतिष्ठित शिविर 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक कर्तव्य पथ, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।
महेश सेन चौहान जिले एवं संभाग से एकमात्र NSS स्वयंसेवक हैं, जिनका चयन इस राष्ट्रीय स्तर के शिविर के लिए हुआ है। वे राष्ट्रीय सेवा योजना के इतिहास में शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, रतलाम से राष्ट्रपति को सलामी देने वाले पहले तथा रतलाम जिले से दूसरे पुरुष स्वयंसेवक होंगे।
महेश सेन चौहान वर्तमान में एम.ए. तृतीय सेमेस्टर (समाजशास्त्र) के विद्यार्थी हैं। वे वर्ष 2022 से निरंतर चयन प्रक्रिया की तैयारी कर रहे थे। कई अवसरों पर चयन में सम्मिलित होने के बावजूद असफलता हाथ लगी, किंतु उन्होंने कभी हार नहीं मानी। निरंतर परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर अंततः उनकी मेहनत सफल हुई और उन्होंने जिले एवं महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
महेश का चयन शारीरिक व्यक्तित्व, परेड प्रदर्शन, साक्षात्कार, रैप सॉन्ग प्रस्तुति एवं मिमिक्री जैसे विभिन्न चरणों के आधार पर किया गया।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2020 में पिता के निधन के बाद महेश सेन चौहान पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए आंशिक समय में दूसरों के सैलून पर दाढ़ी एवं हेयरकट का कार्य कर रहे हैं। वे भविष्य में स्वयं का सैलून खोलना एवं अपने घर का सुधार करना चाहते हैं, किंतु वर्तमान में बसंत कॉलोनी, ऊकाला रोड (ग्रीन बेल्ट घोषित क्षेत्र) में निवास होने के कारण उन्हें बैंक ऋण प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
महेश सेन चौहान का जन्म ताल तहसील के ग्राम सारंगाखेड़ा में हुआ। वर्ष 2018 में रोजगार की तलाश में वे अपने माता-पिता के साथ रतलाम आकर बसंत कॉलोनी में निवास करने लगे। यहां पर उनके मामा जी मुकेश जी सेन डिक्स वाले का सहयोग निरंतर मिलता रहा।
महेश सेन चौहान पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर एवं राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियों पर आधारित दो रैप सॉन्ग भी शीघ्र जारी करने जा रहे हैं। इनमें से एक गीत दिसंबर माह में तथा दूसरा जनवरी या फरवरी में उनके स्वयं के यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त महेश सेन चौहान अब तक राष्ट्रीय स्तर पर राष्ट्रीय एकता शिविर, राष्ट्रीय साहसिक (एडवेंचर) शिविर, पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर, मां तुझे प्रणाम योजना भ्रमण, एक विश्वविद्यालय स्तरीय शिविर एवं दो इकाई स्तरीय शिविरों में सक्रिय स्वयंसेवक के रूप में सहभागिता कर चुके हैं, जिससे उनके अनुभव, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता का परिचय मिलता है।
महेश सेन चौहान ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार, महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकों, **राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी, जिला संगठक, मित्रों, वरिष्ठों एवं सह-स्वयंसेवकों को दिया है, जिन्होंने हर स्तर पर उनका मार्गदर्शन, सहयोग एवं उत्साहवर्धन किया।